सांसद राजीव प्रताप रूडी की टीम ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी राहत सामग्री

 






सारण, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ की प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता राकेश सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने परसा और दरियापुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान चलाया।

टीम ने परसा प्रखंड के माड़र व अन्याय पंचायत तथा दरियापुर प्रखंड के हारना व बारवे पंचायत के विभिन्न वार्डों में घर-घर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को सहायता दी। राहत टीम ने प्रभावितों के बीच सूखा राशन, मैगी नूडल्स, बिस्किट, दूध पाउडर सहित चावल, कढ़ी और अंडा जैसी पकी हुई खाद्य सामग्री का भी वितरण किया।

टीम ने घर-घर और आश्रय स्थलों पर रह रहे लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने बताया कि टुनटुन सिंह, संतोष शर्मा, लखिन्द्र पासवान, जितेंद्र गिरी, रौशन सिंह, मंटू बाबा, धर्मेंद्र चौहान, संदीप कुमार और रवि शंकर यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर यह अभियान चलाया जा रहा है।

राकेश सिंह ने कहा कि सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी धरातल पर काम करने में विश्वास रखते हैं और उनके निर्देशानुसार राहत कार्य स्थिति सामान्य होने तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग बाढ़ पीड़ितों के साथ फोटो खिंचवाकर इसे मजाक बना रहे हैं, जबकि सांसद की टीम जमीन पर उतरकर सेवा में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार