बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और राहत कार्यों का सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की समीक्षा,अधिकारियों को दिए कई निर्देश
सारण, 09 अक्टूबर (हि.स.)। अमनौर स्थित अपने आवास पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ के बाद उत्पन्न परिस्थितियों और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना, क्षति का सटीक आकलन करना और जिले के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करना था।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार, मढ़ौरा के सैयद अदील मोहसिन और सोनपुर की स्निग्धा नेहा के साथ-साथ सिविल सर्जन डॉ के के चौधरी और विभिन्न विभागों के अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत में सांसद रूडी ने बताया कि नेपाल में अत्यधिक बारिश और अप्रत्याशित जल-प्रवाह के कारण सारण बाढ़ से प्रभावित हुआ। सरयू, गंगा और गंडक नदियों के कारण मकेर, अमनौर, दरियापुर, परसा, सोनपुर, पानापुर, तरैया और रिविलगंज के इलाके प्रभावित हुए।
इससे घरों, फसलों, मवेशियों, सड़कों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के खातों में 7 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। किसानों की फसल क्षति, क्षतिग्रस्त मकानों और मवेशियों के नुकसान का आकलन कर पात्र लोगों को मुआवजा दिया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि क्षति आकलन में पूरे प्रभावित क्षेत्र को शामिल किया जाए। सांसद ने बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य एवं बिजली विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव तथा जल संसाधन मंत्री के साथ लगातार संपर्क में थे। सांसद कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 18003456222 के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं और राहत पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कंट्रोल रूम की टीम और मीडिया का आभार जताया।
पानी घटने के बाद बीमारियों के खतरे को देखते हुए प्रभावित गांवों में चिकित्सा शिविर लगाने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले छह माह में क्षतिग्रस्त तटबंधों, सड़कों और पुलों की मरम्मत तथा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस दौरान बैठक में छपरा विधायक छोटी कुमारी, इंजीनियर सत्येंद्र सिंह भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा के जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार