शिल्पी पोखरा के जीर्णोद्धार और सफाई कार्य में तेजी लाने के विधायक छोटी कुमारी दिया निर्देश
सारण, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के शिल्पी पोखरा की दुर्दशा और फैली गंदगी को लेकर स्थानीय विधायक छोटी कुमारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नगर निगम के नगर आयुक्त को पोखरा की चहारदीवारी निर्माण, जलनिकासी, उराही, गाद की सफाई और स्वच्छता से जुड़े लंबित कार्यों को अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया है।
विधायक ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि पोखरा में लगातार जमा हो रहे गंदे पानी और उससे उठती दुर्गंध के कारण आसपास के रहवासियों का जीना दुभर हो गया है। पोखरा के पास स्थित मंदिर के कारण इसका गहरा धार्मिक महत्व भी है। आगामी छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों ने गंदे पानी की निकासी और परिसर की समुचित सफाई की मांग की थी ताकि व्रतियों व श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
विधायक ने स्पष्ट किया कि शिल्पी पोखरा का मामला पहले भी बिहार विधानसभा में उठाया जा चुका है, जहाँ विभागीय स्तर पर कार्य शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन मिला था। इसके बावजूद काम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने को कहा है।
उन्होंने कहा कि छपरा के पौराणिक जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है तथा जनहित के कार्यों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार