राजीव प्रताप रूडी के वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष चुने जाने पर विधायक ने दी बधाई
सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष चुने जाने पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी को समर्थकों एवं जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी। छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने उनके आवास पर पहुंचकर अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। विधायक छोटी कुमारी ने रूडी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि राजीव प्रताप रूडी के अनुभव, कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार में वॉलीबॉल खेल को नई मजबूती मिलेगी। राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, आधुनिक प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह, राकेश सिंह, जिला महामंत्री धर्मेंद्र कुमार सहित कई अन्य नेताओं ने भी रूडी को अपनी शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार