सोनपुर मेले में गन्ना उद्योग विभाग के स्टॉल का मंत्री संजय कुमार ने किया उद्घाटन
सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में रविवार को गन्ना उद्योग विभाग के स्टॉल का विधिवत उद्घाटन किया गया। गन्ना उद्योग विभाग के संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर स्टॉल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ईखायुक्त अनिल कुमार झा ने पुष्प गुच्छ और शॉल भेंट कर मंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया।
किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री संजय कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण बीज के उपयोग से गन्ना किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मंत्री ने बताया कि नई चीनी मिलों की स्थापना से राज्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने जानकारी दी कि सिवान जिले के सिसवन क्षेत्र में नई चीनी मिल के लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द ही किसानों को सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा कि गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान मिल रहा है। वहीं, गन्ना नर्सरी योजना के लाभुक युवाओं को देय लाभ दिए जा रहे हैं। वैज्ञानिक खेती व उन्नत बीज के लिए विभाग ने देश के प्रमुख संस्थानों के साथ एमओयू किया है। ईखायुक्त अनिल कुमार झा ने भी किसानों से योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
उद्घाटन के बाद मंत्री ने स्टॉल का निरीक्षण किया और गन्ने के साथ मटर, मक्का, चना, मसूर व सब्जियों की सहफसली खेती देखी। उन्होंने कहा कि इससे लागत घटेगी और उपज बढ़ेगी। स्टॉल पर यंत्रीकरण, गुड़ उद्योग प्रोत्साहन, नर्सरी, बीज विकास, फसल विस्तार व प्रौद्योगिकी विस्तार योजनाओं की जानकारी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार