सोनपुर मेला में श्रम संसाधन विभाग की प्रदर्शनी का मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया उद्घाटन

 






सारण, 27 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा विभागीय प्रदर्शनी सह जागरूकता स्टॉल लगाया गया है। इसका विधिवत उद्घाटन श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया।

इस अवसर पर विभागीय बोर्ड के सचिव सुनील कुमार यादव उपस्थिति थे। कार्यक्रम में श्रमायुक्त राजेश भारती, तिरहुत प्रमंडल के उप श्रमायुक्त नीरज नयन, सारण प्रमंडल के उप श्रमायुक्त प्रशांत राहुल, सहायक श्रमायुक्त, सारण एवं वैशाली के श्रम अधीक्षक, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उद्घाटन के दौरान मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सोनपुर मेला बिहार की संस्कृति, परंपरा, आस्था, सामाजिक विविधता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इतने बड़े जनसमागम के बीच प्रदर्शनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना है। भवन निर्माण, कृषि, उद्योग, हस्तशिल्प और असंगठित क्षेत्र के श्रमिक दिन-रात मेहनत कर बिहार व देश के निर्माण में अहम योगदान देते हैं।

सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक मजबूती देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में श्रमिकों, गरीबों, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं।

विभागीय स्टॉल पर बाल श्रम उन्मूलन के कानूनी प्रावधानों, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के संशोधित प्रावधानों, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल प्रचार नहीं, बल्कि पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और लाभों की स्पष्ट जानकारी देना है। उप श्रमायुक्त प्रशांत राहुल ने नई श्रम संहिताओं और श्रमिक निबंधन से जुड़े प्रचार-प्रसार की जानकारी दी। कार्यक्रम में लाभुकों को अनुदान के सांकेतिक चेक भी वितरित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार