सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक

 


सारण, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त सारण प्रमंडल मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज आयुक्त कार्यालय के सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी निर्वाचन की तैयारियों, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों पर से चर्चा की गई।

बैठक में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पांचों जिलों सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण तथा पश्चिमी चंपारण के सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, सभी पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उप निर्वाचन पदाधिकारी, सारण प्रमंडल द्वारा जानकारी दी गई कि इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कुल 18 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 98 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा, मतगणना केंद्र छपरा शहर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय में बनाया गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 10,748 है।

बैठक के दौरान सभी अभ्यर्थियों को मतदान अभिकर्ता और मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। मतपत्र पर वरीयता क्रम, अंतरराष्ट्रीय या रोमन अंकों के प्रयोग तथा प्रथम वरीयता अंकित करने की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया गया।

चुनाव प्रचार एवं जुलूस के लिए सभी पांचों जिलों में सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था की गई है। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी। सोनपुर अंचल के मतदान केंद्र के संबंध में दिए गए सुझाव पर प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

आयुक्त मनीष कुमार ने कहा कि बिहार देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है जहां विधान परिषद का अस्तित्व है। उन्होंने सभी से आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने और निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार