सारण में धनतेरस-दीपावली पर बाजारों में रौनक बढ़ी

 


सारण, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले में धनतेरस और दीपावली के आगमन के साथ ही बाजारों में जबरदस्त रौनक और फेस्टिव सीजन का उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घर की सजावट के सामानों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

विशेषकर सर्राफा बाजारों में ग्राहकों को लुभाने के लिए व्यापारियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। सर्राफा व्यवसायी राखी गुप्ता ने बताया कि इस बार सारण में महानगरों की तर्ज पर बेहद हल्के वजन और आकर्षक आधुनिक डिजाइनों के आभूषण उपलब्ध कराए गए हैं।

ग्राहकों को मेकिंग चार्ज पर विशेष छूट के साथ हर खरीदारी पर पारंपरिक मिठाइयां और उपहार दिए जा रहे हैं। सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है।

मान्यता है कि इस दिन सोना-चांदी खरीदने से घर में बरकत और माता लक्ष्मी का वास होता है। व्यापारियों को इस सीजन में शानदार कारोबार की उम्मीद है। उन्होंने जिलावासियों से स्थानीय बाजारों से खुलकर खरीदारी करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार