इसुआपुर में शुरू हुआ महावीरी झंडा मेला, विधायक जनक सिंह ने किया शुभारंभ
सारण, 11 सितंबर (हि.स.)। भादो मास की अमावस्या के अवसर पर इसुआपुर में प्रसिद्ध महावीरी अखाड़ा सह झंडा मेला हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ तरैया विधायक जनक सिंह ने फीता काट किया। इस दौरान सुबह से ही प्रखंड मुख्यालय में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रखंड के 15 गांवों से पहुंचे लाइसेंस प्राप्त अखाड़े हाथी, घोड़े, ऊंट और पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ इसुआपुर बाजार पहुंचे। अखाड़ों के पहुंचते ही पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा। मेले में युवाओं और कलाकारों ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ अपने रण कौशल और अद्भुत करतबों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके अलावा सजे विभिन्न स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मढ़ौरा एसडीएम, एसडीपीओ, सीओ और थानाध्यक्ष समेत दर्जनों मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात रहे। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार