महाराजगंज के सांसद सिग्रीवाल ने रेलवे महाप्रबंधक को दिया 21 सूत्रीय सुझाव-पत्र

 


सारण, 12 सितंबर (हि.स.)। महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक को 21 सूत्रीय सुझाव-पत्र दिया। सांसद ने क्षेत्र में नई रेल लाइनों के निर्माण, प्रमुख ट्रेनों के संचालन और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया।

सांसद कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुझाव पत्र में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली छपरा सारण से जलालपुर, बनियापुर और भगवानपुर होते हुए महात्मा गांधी की कर्मस्थली मोतिहारी तक नई रेल लाइन बिछाने की प्रमुख मांग रखी गई है। इसके अलावा, दाउदपुर और श्याम कौड़िया स्टेशनों को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने, दाउदपुर के दुमदुमा ढाला तथा एकमा के पूर्वी ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण की बात कही गई है।

यात्रियों की सहूलियत के लिए छपरा, सिवान और मशरक से पटना व पाटलिपुत्र के बीच मेमू, डेमू और नमो भारत ट्रेनें चलाने तथा गोरखपुर-पटना मार्ग पर वंदे भारत व जनशताब्दी एक्सप्रेस शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है।

अन्य मांगों में मशरक-महाराजगंज खंड पर पूर्व मुख्यमंत्री महामाया बाबू के गांव के पास और बहरौली में नया रेलवे हाल्ट बनाना, एकमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पार्किंग व टिकट काउंटर की सुविधा और मशरक में वाशिंग पिट का निर्माण शामिल है। सांसद ने माँझी में चल रहे पुल निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार