डालसा सारण में विधिक जागरूकता अभियान का हुआ आयोजन
सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण, छपरा के प्रांगण में नालसा जागृति स्कीम के अंतर्गत एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व एवं संचालन डालसा सारण के सचिव राजीव कुमार ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव राजीव कुमार ने जागृति योजना के दूरगामी उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित, कमजोर और जरूरतमंद व्यक्तियों तक निःशुल्क विधिक सहायता और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। आर्थिक तंगी अथवा जानकारी के अभाव में कोई भी नागरिक न्याय से वंचित न रहे।
उपस्थित पारा विधिक स्वयं सेवकों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे न्यायपालिका और आम जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। सचिव ने सभी पारा विधिक स्वयं सेवकों को सुदूर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में जाकर लोगों को निःशुल्क कानूनी मदद, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के कड़े निर्देश दिए।
इस अवसर पर पारा विधिक स्वयं सेवक, विधिक सहायता कर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिभागियों की कानूनी जिज्ञासाओं और प्रश्नों का संतोषजनक समाधान भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार