मंडल कारा छपरा में विधिक जागरूकता एवं मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर का हुआ आयोजन

 


सारण, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के द्वारा आज मंडल कारा छपरा में एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नालसा मेंटली इल एंड मेंटली डिसएबल पर्सन्स स्कीम-2015 के तहत आयोजित हुआ।

शिविर के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, नालसा की कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां चिकित्सकों ने बंदियों के मानसिक व सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर परामर्श और दवाइयां दीं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को त्वरित विधिक सहायता व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राधिकार की प्राथमिकता है। कानून किसी भी व्यक्ति को उसके अधिकारों से वंचित नहीं रहने देता। इस दौरान कारा प्रशासन, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी और स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार