सारण न्यायमंडल ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काे दी भव्य विदाई

 






सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पुनीत कुमार गर्ग के पटना उच्च न्यायालय स्थानांतरण होने पर एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार मालवीय ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पुनीत कुमार गर्ग को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इसके उपरांत प्राधिकार व लैड्स के कर्मियों ने उन्हें मोमेंटो, पटका और चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग के कार्यकाल को ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में सारण न्यायमंडल में मुकदमों के त्वरित निष्पादन, न्यायिक सुधारों और प्रशासनिक सुदृढ़ता में अभूतपूर्व प्रगति हुई। प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार द्वारा प्रस्तुत शायरी व कविता ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।

अपने विदाई भाषण में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग ने सारण के खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा करते हुए न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सारण की जनता और सहकर्मियों से मिला स्नेह वे हमेशा याद रखेंगे। अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए विदाई दी।

इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सैयद मोहम्मद फ़ज़लूल बारी, द्वितीय अनुराग कुमार त्रिपाठी, विशेष उत्पाद न्यायाधीश रघुवेंद्र विक्रम सिंह परमार, सीजेएम स्वाति सिंह, जेल अधीक्षक अमरजीत सिंह, एएसपी सदर राम पुकार सिंह, डॉ. हरेंद्र सिंह, अरमान अशरफी तथा कर्मचारी नजरे ईमाम, उमाशंकर, सूरज पाण्डेय व अजीत कुमार शर्मा सहित कई अन्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार