आभूषण व बाइक लूट मामले में आरोपित गिरफ्तार
सारण, 21 अगस्त (हि.स.)। एकमा थाना क्षेत्र के एकमा-परसा मार्ग पर 10 अगस्त की सुबह हथियार और चाकू के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित से आरोपितों ने बाइक, सोने व चांदी के आभूषण लूट लिए थे, जिसके संबंध में एकमा थाना में मामला दर्ज किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर दो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपित रोहित कुमार सिंह दाउदपुर बरेजा गांव निवासी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई चांदी की तीन जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, दो जोड़ी राखी और दो पीस मेहंदी छल्ला बरामद किया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पूछताछ के क्रम में खुलासा हुआ कि इस गिरोह ने बीते 6 जुलाई को भी इसी रोड पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार