सरकार और बैंक के सहयोग से मुख्य धारा में आगे बढ़ रही जीविका दिदिया : मानस सिन्हा
सारण, 19 सितंबर (हि.स.)। रिविलगंज प्रखंड के इनई स्थित अपराजिता जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति का वित्तीय वर्ष 2025–26 का वार्षिक आम सभा कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मानस सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि ई. सत्येंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह चौहान, बीपीएम निभा कुमारी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
जीविका कैडर द्वारा सभी अतिथियों को शॉल, बुके एवं पौधे भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक मानस सिन्हा ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार के सहयोग से जीविका दीदियां स्वावलंबन और विकास की मुख्य धारा से तेजी से जुड़ रही हैं, जिसमें बैंक हमेशा तत्परता से सहयोग कर रहा है।
वहीं सांसद प्रतिनिधि ई. सत्येंद्र सिंह ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी के सहयोग से चलाए जा रहे नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा अभियान की जानकारी दी। धर्मेंद्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को महिलाओं के लिए वरदान बताया।
कार्यक्रम में सोनी कुमारी, मदन कुमार सिंह, रिंकू सिंह, संदीप पाल, प्रियकांत कुशवाहा एवं बड़ी संख्या में जीविका सीएम दीदियां उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार