सारण में डालसा द्वारा छात्राओं को कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

 




सारण, 12 अक्टूबर (हि.स.)। बालिका उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज के प्रांगण में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के तत्वावधान में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करना था।

समारोह का शुभारंभ प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार, प्रधानाध्यापिका किरण ओझा और अन्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। सचिव राजीव कुमार ने बालिकाओं को समाज की रीढ़ बताते हुए उन्हें हर क्षेत्र में समान अवसर और विधिक सुरक्षा प्रदान करने पर जोर दिया। साथ ही छात्राओं को निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में खुशी कुमारी ने प्रथम, लक्की आरुषी सिंह ने द्वितीय और नैन्सी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला में कुमकुम कुमारी प्रथम, नैन्सी कुमारी द्वितीय और कुमारी आरुषी तृतीय स्थान पर रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार