जयप्रकाश महिला कॉलेज में स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग का उद्घाटन सह दीक्षारंभ समारोह आयोजित

 






सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। जयप्रकाश महिला कॉलेज में आज स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में पीजी स्तर पर पढ़ाई के शुभारंभ के अवसर पर उद्घाटन सह दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं को पाठ्यक्रम, अध्ययन-पद्धति, शोध की संभावनाओं और राजनीति विज्ञान की प्रासंगिकता से अवगत कराना था।

समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ किरण कुमारी ने छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने इसे शैक्षणिक विकास की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय छात्राओं को उच्च शिक्षा और शोध के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्य अतिथि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो इरफान अली ने अपने संबोधन में कहा कि स्नातकोत्तर शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, तार्किक विश्लेषण और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती है। उन्होंने छात्राओं को मूल पुस्तकें पढ़ने और कक्षाओं में प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण डॉ शबाना परवीन मलिक ने दिया, जबकि डॉ. रिंकी कुमारी ने छात्राओं का उन्मुखीकरण किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सोनाली सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के अनेक शिक्षक, शोधार्थी अमन कुमार, कुमारी हर्षिता, सानू शुभांगी, चंचल कुमारी समेत अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार