सारण में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आकर युवक की मौत

 

सारण, 21 नवंबर (हि.स.)। रसूलपुर थाना क्षेत्र के चनचौरा बाजार में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क पार कर रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नयागांव निवासी रंजीत चौरसिया है। घटना के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस राज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थानाध्यक्ष प्रिंस राज ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने लाया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से विभिन्न ब्रांड की 40 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस शराब तस्करी के स्रोत, गंतव्य और जुड़े नेटवर्क की जांच कर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार