बनियापुर के हरपुर कराह में छठ समिति ने 201 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

 






सारण, 16 नवंबर (हि.स.)। बनियापुर प्रखंड के हरपुर कराह गांव में आयोजित छठ महोत्सव-2026 के दौरान छठ पूजा समिति द्वारा 201 गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

छठ पूजा समिति के संयोजक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि छठ पूजा के पहले ही क्षेत्र में चिन्हित एवं चयनित गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को कूपन बाट दिया जाता है, दूसरे अर्घ्य की समाप्ति पर अतिथियों के हाथों से कंबल का वितरण किया जाता है।

कंबल वितरण कार्यक्रम में अनुमंडल अधिकारी सदर नीतेश कुमार और बनियापुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने अपने हाथों से जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए।

इस अवसर पर अनुमंडल अधिकारी नीतेश कुमार ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। गरीबों और असहायों की मदद करना ही सच्ची सेवा है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग और संवेदना को मजबूत करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार