छपरा में जिलाधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सारण, 28 अगस्त (हि.स.)। जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सदर प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपीएटी वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अग्निशमन तंत्र और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन सामग्री की अभेद्य सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी उनका प्राथमिक दायित्व है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार