शिल्पी पोखरा में जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की टीम ने किया श्रमदान

 








सारण, 22 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत छपरा नगर निगम द्वारा शहर के प्रसिद्ध शिल्पी पोखरा परिसर में एक विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान पोखरा परिसर और आसपास के संपूर्ण क्षेत्र की साफ-सफाई की गई।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ मिलकर सामूहिक श्रमदान किया। साथ ही स्थानीय लोगों को अपने आसपास के जलस्रोतों को स्वच्छ रखने और कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही फेंकने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान नगर आयुक्त रणजीत कुमार ने शिल्पी पोखरा के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोखरा को एक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुंदर रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सके और नागरिक यहाँ सुबह-शाम भ्रमण का आनंद ले सकें। इसके अलावा, परिसर को सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए पोखरा के चारों ओर आधुनिक लाइटें लगाई जाएंगी।

इस श्रमदान कार्यक्रम में विधायक छोटी कुमारी, महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, उप महापौर रागिनी कुमारी, नगर आयुक्त रणजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, स्वच्छता पदाधिकारी संजीव कुमार मिश्रा व सुमित कुमार, तथा नगर प्रबंधक अरविंद कुमार व वेद प्रकाश वर्णवाल सहित सफाई कर्मियों भागीदारी निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार