सांसद राजीव प्रताप रूडी के पहल से सड़क और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स पर हुई उच्चस्तरीय बैठक

 




सारण, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की पहल पर नई दिल्ली स्थित ट्रांसपोर्ट भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक बैठक आयोजित की गई। सांसद कार्यालय द्वारा दिए गए जानकारी के अनुसार लगभग तीन घंटे चली इस बैठक में सारण की सड़क परियोजनाओं, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद रूडी ने पावरपॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से रूपरेखा रखी, जिस पर उपस्थित अधिकारियों ने सहमति व्यक्त की।

बैठक में परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष संजय झा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, नागरिक उड्डयन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे, बीएसआरडीसीएल के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल, छपरा नगर आयुक्त रंजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व टाउन प्लानिंग विशेषज्ञ शामिल हुए।

बैठक के दौरान क्षेत्र में यातायात सुगम बनाने के लिए 17 प्रमुख कनेक्टिविटी योजनाओं का प्रस्ताव रखा गया। इसमें दीघा के विभिन्न सेक्शन, जेपी सेतु, टोल प्लाजा, नकटादियारा से पूर्वी डाउनटाउन कनेक्टिविटी, बाकरपुर क्लोवरलीफ, एनएच-139W पर अंडरपास और सर्विस रोड शामिल हैं।

इसके अलावा एयरपोर्ट तक दक्षिण-पूर्वी व उत्तर-पूर्वी संपर्क मार्ग, पूर्वी जंक्शन, पटना नॉर्थ रिंग रोड, दिघवारा पॉइंट क्लोवरलीफ से भेल्दी स्पर की कनेक्टिविटी, शेरपुर-दिघवारा पुल से पश्चिमी डाउनटाउन कनेक्टिविटी तथा गंगा पथ के कोईलवर विस्तार को जोड़ने पर भी चर्चा हुई।

क्षेत्र के नियोजित विकास के तहत नॉर्थ रिंग रोड की कुल चौड़ाई 240 मीटर प्रस्तावित की गई है, जिसमें 45-45 मीटर की दो सड़कें और दोनों ओर 25-25 मीटर का ग्रीन बेल्ट शामिल है। डाउनटाउन क्षेत्र में 143.19 किलोमीटर नहर और 29.61 किलोमीटर चैनल का प्रस्ताव है। उत्तर-दक्षिण एवं पूर्व-पश्चिम संपर्क मार्गों के लिए 80 मीटर चौड़ाई तथा 40 मीटर ग्रीन बेल्ट का प्रावधान रखा गया है।

योजना के तहत पांच किलोमीटर लंबे गौरव पथ के पास 568.91 एकड़ का वाणिज्यिक क्षेत्र और 5,508.72 एकड़ का एयरो सिटी बफर क्षेत्र प्रस्तावित है। संपूर्ण नियोजित क्षेत्र को 140 सेक्टरों प्रत्येक का औसत क्षेत्रफल 2.31 वर्ग किलोमीटर में बांटकर पांच जोन में विकसित किया जाएगा। इन महत्वाकांक्षी योजनाओं से सारण में सड़क संपर्क, एयरपोर्ट तक सुगम पहुंच और आधुनिक शहरी विकास को एक मजबूत आधार मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार