सारण के बनियापुर में खेल सम्मान भवन का राज्यपाल ने किया लोकार्पण

 










सारण, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले के बनियापुर में खेल के विकास के लिए सेल द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत नवनिर्मित खेल सम्मान भवन का लोकार्पण आज राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त सैयद अता हसनैन ने किया। ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को निखारने और क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार देने हेतु किया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर सर्वप्रथम राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की धुनों के बीच कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया।

इसके उपरांत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त सैयद अता हसनैन ने रिमोट का बटन दबाकर खेल सम्मान भवन, बनियापुर का विधिवत लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने हजारों स्थानीय खेलप्रेमी और गणमान्य लोग उत्साह से भर उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बनियापुर के विधायक केदारनाथ प्रसाद सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में इस दिन को बनियापुर के लिए स्वर्णिम अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब बिहार के किसी राज्यपाल का बनियापुर की धरती पर आगमन हुआ है, जो इस क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है।

महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने अपने संबोधन में राज्यपाल के आगमन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बिहार की खेल मंत्री एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खिलाड़ी श्रेयसी सिंह के नेतृत्व और कृतित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सारण जिले में खेल और खिलाड़ियों का भविष्य तेजी से संवर रहा है।

समारोह को संबोधित करते हुए बिहार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों के आयोजन का सपना है। इस राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में बिहार और विशेषकर सारण जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों की अहम भूमिका हो सकती है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जिले में खेल के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मुहैया कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह खेल सम्मान भवन स्थानीय खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त सैयद अता हसनैन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज के विकास, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक बदलाव का एक सशक्त माध्यम है।

खेल युवाओं के भीतर ऊर्जा का संचार करता है, उन्हें जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस भवन के निर्माण को स्थानीय सांसद और विधायक की सक्रिय पहल का सकारात्मक परिणाम बताया तथा आशा व्यक्त की कि यह भवन जिले को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए राज्यपाल, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति हृदय से आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार