सारण के पिन्जरापोल गौशाला में धूमधाम से मनाया गया गोपाष्टमी सह गौ पूजनोत्सव

 




सारण, 17 नवंबर (हि.स.)। छपरा के पिन्जरापोल गौशाला, हिरानीबाग करिंगा के प्रांगण में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौ पूजनोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति और पर्यावरण का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि गौ माता इस धरती पर एकमात्र ऐसा प्राणी है जो श्वसन क्रिया में केवल ऑक्सीजन ही लेती और छोड़ती है। गोबर और गोमूत्र के माध्यम से भी यह पर्यावरण को ऑक्सीजन प्रदान करती है। सृष्टि के पांचों महाभूत (जल रूपी दूध, पृथ्वी रूपी गोबर, वायु रूपी गोमूत्र, अग्नि रूपी धगि और आकाश रूपी छाछ) गाय से प्राप्त होते हैं।

उन्होंने कहा कि जब घर-घर में गाय थीं, तब असाध्य रोग समाज को छू भी नहीं पाते थे। आज खेतों में पेस्टिसाइड के बजाय गोवंश आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने से ही स्वास्थ्य और किसानी दोनों को बचाया जा सकता है। धार्मिक प्रसंग का जिक्र करते हुए श्री अग्रवाल ने बताया कि जब भगवान कृष्ण छह वर्ष के हुए, तब उन्होंने मैया यशोदा और नंद बाबा से गाय चराने की इच्छा जताई थी।

ऋषि शांडिल्य द्वारा दिए गए शुभ मुहूर्त पर गोपाष्टमी के दिन कान्हा को मोर मुकुट पहनाकर गोचारण के लिए भेजा गया था। इस पावन पर्व पर गायों को स्नान कराकर रोली-चंदन का तिलक लगाया गया, नए वस्त्र पहनाए गए तथा गुड़, हरा चारा व फल खिलाकर परिक्रमा की गई। भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री का भोग लगाया गया और गौसेवकों का सम्मान किया गया।

उत्सव के दौरान आयोजित शानदार कुश्ती प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार के पहलवानों ने अपने दांव-पेच का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस आयोजन में भगवती प्रसाद जगाती, सत्यनारायण शर्मा, गोपाल अग्रवाल, विजय चौधरी और प्रहलाद सोनी समेत कई लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार