सोनपुर मेले के सांस्कृतिक पंडाल में विदेशी सैलानियों ने उठाया लुफ्त, कलाकारों संग ली सेल्फी
सारण, 27 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में बिहार की लोक संस्कृति की छटा सात समंदर पार से आए मेहमानों को भी खूब भा रही है। मेले में पहुंचे विदेशी सैलानियों ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन द्वारा निर्मित मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जमकर आनंद उठाया। मेले में जिला प्रशासन की ओर से प्रतिदिन संध्याकालीन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बीते देर रात तक विदेशी सैलानी पंडाल में बैठकर लोक गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का लुत्फ लेते नजर आए। प्रस्तुतियों के दौरान विदेशी मेहमान काफी उत्साहित और प्रफुल्लित दिखे। उन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्थानीय कलाकारों के साथ मंच और पंडाल परिसर में तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद किया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला प्रशासन मेले में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने में जुटा है। प्रशासन के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाहर से आने वाले अतिथियों को बिहार की समृद्ध कला और लोक संस्कृति से रूबरू कराना है। मुख्य मंच पर निरंतर हो रही आकर्षक प्रस्तुतियों को दर्शकों और विदेशी अतिथियों से बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार