देश का पहला स्मार्ट सिंचाई मॉडल जिला बनेगा सारण: राजीव प्रताप रूडी

 


सारण, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

इस दौरान सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, सुशासन और जनकल्याण की नई गाथा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने राजनीतिक स्थिरता, मजबूत अर्थव्यवस्था, सुदृढ़ राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता पाई है। प्रेस वार्ता में विधायक श्रीमती छोटी कुमारी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे।

सांसद रूडी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि मुद्रा योजना से 40 करोड़ से अधिक लोगों को ऋण मिला, चार करोड़ परिवारों को पक्के घर मिले और किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। देश में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है; वर्ष 2014 में जहां केवल 64 हवाई अड्डे थे, वहीं आज इनकी संख्या बढ़कर लगभग 174 हो चुकी है। सड़क, रेल, एक्सप्रेस-वे और ऊर्जा के क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है।

सांसद रूडी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के विशेष स्नेह के कारण सारण उत्तर बिहार के विकास का नया केंद्र बन रहा है। वर्तमान में जिले में लगभग 37 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जबकि पिछले तीन महीनों में 28 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं को मंजूरी मिली है।

यातायात और कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए गंगा नदी पर दो नए विशाल पुलों दीघा-बाकरपुर-सोनपुर और शेरपुर-दिघवारा का निर्माण प्रस्तावित है। इसके साथ ही माझी, डोरीगंज, दिघवारा और जेपी सेतु के समानांतर छह लेन पुल तथा हाजीपुर क्षेत्र की परियोजनाएं सारण को उत्तर बिहार का सबसे बड़ा संपर्क केंद्र बनाएंगी। इसके अलावा, 6000 करोड़ रुपए की बाकरपुर-डुमरियाघाट सुपर एक्सप्रेस-वे परियोजना और कोन्हुआ से गोपालगंज तक 92 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे की स्वीकृति से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।

जल प्रबंधन के क्षेत्र में सारण को देश का मॉडल जिला घोषित करते हुए सांसद रूडी ने कहा कि 11,000 करोड़ रुपए की गंडक जल परियोजना और 1400 करोड़ रुपए की नदी-जोड़ योजना को मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत जिले की 640 किलोमीटर लंबी नदी प्रणाली को पुनर्जीवित कर हर खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा।

सारण को देश के पहले एससीएडीए आधारित स्मार्ट सिंचाई मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां एटीएम की तर्ज पर डिजिटल जल प्रबंधन प्रणाली स्थापित होगी, जहां किसान आधुनिक तकनीक से अपने खेतों की सिंचाई को नियंत्रित कर सकेंगे।

सांसद रूडी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सोनपुर क्षेत्र में दक्षिण एशिया के सबसे बड़े विमानन केंद्र का विकास किया जा रहा है। यह परियोजना बिहार के साथ-साथ नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार