छपरा और आनन्द विहार के बीच चलेगी त्यौहार विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत
सारण, 18 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्यौहारों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण सुविधा की घोषणा की है। यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को सुगम बनाने के लिए छपरा और आनन्द विहार टर्मिनल के बीच वाया गोरखपुर एक साप्ताहिक त्यौहार विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल आठ-आठ फेरे लगाएगी।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 05085 छपरा-आनन्द विहार टर्मिनल विशेष गाड़ी जो 06 अक्टूबर से 24 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को छपरा से दोपहर 01.05 बजे प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन मशरख, थावे, पडरौना, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 09.40 बजे आनन्द विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वहीं 05086 आनन्द विहार टर्मिनल-छपरा विशेष गाड़ी जो 07 अक्टूबर से 25 नवम्बर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को आनन्द विहार से सुबह 10.50 बजे रवाना होगी। वापसी में यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर और थावे के रास्ते अगले दिन सुबह 07.00 बजे छपरा पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में आधुनिक एलएचबी रेक के कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, छह वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, दो वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी, पांच शयनयान श्रेणी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा दो एसएलआर, जनरेटर यान शामिल हैं।
रेल प्रशासन के इस फैसले से आगामी पर्वों पर दिल्ली-एनसीआर की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार