खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से किसान की मौत
Aug 26, 2026, 17:58 IST
सारण, 26 अगस्त (हि.स.)। एकमा थाना क्षेत्र के माने पंचायत स्थित नवतन गांव में बुधवार सुबह सब्जी के खेत में पटवन करने गए किसान सवलिया प्रसाद की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सवलिया प्रसाद खेत में मोटर पंप चालू करने के लिए प्लग लगा रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए।
आसपास काम कर रहे लोगों की नजर पड़ने पर परिजनों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।
मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार