छपरा मंडल कारा में सुबह-सुबह हुई छापेमारी
सारण, 27 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे राज्य में एक साथ की गई जेल छापेमारी के तहत छपरा मंडल कारा में भी अहले सुबह व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शहर राज किशोर सिंह के नेतृत्व में हुई और लगभग दो घंटे तक चली।
अभियान के दौरान करीब 70 की संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के जवान जेल परिसर में दाखिल हुए। अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार ने बताया कि छापेमारी के क्रम में जेल के सभी वार्डों, सेलों, कमरों और परिसर स्थित भवनों की बारीकी से तलाशी ली गई। हालांकि दो घंटे तक चली इस सघन जांच के दौरान जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
इस संयुक्त अभियान में जेल अधीक्षक अमरजीत सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, राजस्व अधिकारी सदर, ग्रामीण विकास पदाधिकारी सदर, नगर थानाध्यक्ष और भगवान बाजार थानाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। अहले सुबह प्रशासन व पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से आसपास के इलाके में हड़कंप मचा रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार