छपरा जंक्शन स्थित कोचिंग डिपो और रनिंग रूम का डीआरएम आशीष जैन ने किया निरीक्षण
सारण, 17 नवंबर (हि.स.)। वाराणसी मंडल के रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने दो दिवसीय निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज छपरा कोचिंग डिपो, सिक लाइन, क्रू लॉबी और रनिंग रूम का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता, संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता, तकनीकी व्यवस्थाओं, स्वच्छता तथा कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सिक लाइन के विभिन्न स्टोर रूम, मशीन रूम, ऑयल रूम, विश्राम कक्षों एवं ईओटी क्रेनों की कार्यशीलता की जांच की। साफ-सुथरे रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शीघ्र ही स्टाफ कैंटीन हेतु एक नया कक्ष तैयार कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात, वाशिंग पिट संख्या-01 पर खड़ी गाड़ी संख्या 15083 के रेक का संरक्षा निरीक्षण किया गया, जिसमें पहियों के व्यास, व्हील डिस्टेंस और ट्रेड वियर की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच हुई। उन्होंने एसबीसी पैनल, ट्रबलशूटिंग तथा ब्रेक पावर टेस्टिंग की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और कर्मचारियों को ओएचई चार्जिंग-डिस्चार्जिंग संबंधी संरक्षा प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया।
डीआरएम ने क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम में क्रू मैनेजमेंट व विश्राम व्यवस्था का जायजा लिया। लोको पायलटों और ट्रेन मैनेजरों से संवाद कर उन्होंने कार्य परिस्थितियों की जानकारी ली तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पौष्टिकता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ब्रह्मानंद, कुंवर सिंह यादव, अशोक कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार