सारण में दीपावली की रात परसा में बाइक रिपेयरिंग दुकान और दिघवारा में गोदाम जलकर खाक
सारण, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले में दीपावली की रात आगजनी की दो घटनाएं हुई। परसा और दिघवारा थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि किसी प्रकार के जान माल या जीव जंतु की क्षति नहीं हुई।
पहली घटना परसा थाना क्षेत्र के परसा की है, जहां दीपावली की रात पूजा के बाद बंद की गई बाइक रिपेयरिंग दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान संचालक श्रवण कुमार ने पर्व पर दुकान बंद की थी, लेकिन देर रात वहां से उठी लपटों ने विकराल रूप ले लिया। इस भीषण आग में दुकान के अंदर रखी तीन बाइकें और कई अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए।
दूसरी घटना दिघवारा थाना क्षेत्र के शीतलपुर में घटी, जहां राजेश कुमार के मकान में बने बिस्कुट और नमकीन के गोदाम में आग लगने से सारा सामान और नकदी जल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिला अग्निशमन कार्यालय के अनुसार, प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना गया है। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार