सारण शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रमंडलीय आयुक्त ने किया वज्रगृह व मतगणना केंद्र का निरीक्षण
सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार ने सोमवार को राजकीय कन्या उच्च विद्यालय स्थित प्रस्तावित वज्रगृह और मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी रौशन कुमार समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आयुक्त ने परिसर का जायजा लेते हुए ऑब्जर्वर कक्ष, आरओ कक्ष और कंप्यूटर रूम को चिह्नित किया। उन्होंने कुल बूथों के अनुसार मतपेटिकाओं के भंडारण हेतु स्ट्रॉन्ग रूम की नापी कराई और चुनाव आयोग के मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप निर्माण का निर्देश दिया। सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी कैमरे लगाने, पृथक बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्लान तैयार करने के आदेश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि भवन को नुकसान न पहुँचे, इसलिए सीलिंग के लिए ब्रिक्स वर्क इस तरह हो कि तोड़-फोड़ की कम आवश्यकता पड़े। उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद इस मॉडल स्कूल को पहले से बेहतर स्थिति में लौटाया जाएगा। पेयजल, वाशरूम और अन्य बुनियादी कमियों को स्थायी रूप से दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया ताकि बाद में यह स्कूल के काम आ सके।
इसके अतिरिक्त, प्रति जिला अलग रिसीविंग काउंटर, माइक्रो ऑब्जर्वर व हेल्प डेस्क काउंटर, मीडिया सेंटर, पे-एंड-यूज फूड जोन और वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने को कहा गया। परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति, नियमित सफाई, साइनेज बोर्ड और चेकलिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। अंत में आयुक्त ने सभी तैयारियाँ समय सीमा के भीतर पूरी करने की सख्त हिदायत दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार