छपरा में सारण प्रमंडलीय वार्षिक विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

 






सारण, 08 अक्टूबर (हि.स.)। खेल भवन में सारण प्रमंडल स्तरीय सारण, गोपालगंज एवं सिवान वार्षिक विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सस्वर गायन हुआ। इस अवसर पर आयोजकों एवं युवा खिलाड़ियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अनिवार्य हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और सच्ची खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस प्रतियोगिता में प्रमंडल के तीनों जिलों से आए खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं के पारदर्शी और सुव्यवस्थित संचालन के लिए खेल भवन एवं संबंधित मैदानों में सभी तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। साथ ही, अनुभवी तकनीकी पदाधिकारियों और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला प्रशासन और खेल विभाग का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर से ही छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को तराशना और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है। इस प्रमंडलीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार