सारण में जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का हुआ शुभारंभ

 






सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ सोमवार को खेल भवन में किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इससे पूर्व राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ तथा जिला खेल पदाधिकारी द्वारा अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा ज्ञान सिर्फ किताबों में नहीं, मैदानों में भी है। खेल से मिलने वाली टीम स्पिरिट और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जीवन भर कामयाबी की राह दिखाती है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किताबें हमें ईमानदारी सिखाती हैं, लेकिन खेल इन भावनाओं को जीना सिखाता है।

इसके पश्चात अतिथियों ने नारियल फोड़कर और टॉस कराकर कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत शुरुआत किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनसे हाथ मिलाया और शुभकामनाएं दीं। इस चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न प्रखंडों और विद्यालयों से आए 1500 से अधिक खिलाड़ी 18 अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष व सुचारू संचालन के लिए 70 से अधिक शिक्षकों को तकनीकी पदाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में सारण जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार