छपरा में जिला स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला संपन्न, मंत्री ने बाटा 36 टूल्कित
सारण, 03 नवंबर (हि.स.)। राजेंद्र स्टेडियम में आज एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। इस मेले का विधिवत उद्घाटन युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, छपरा विधायक छोटी कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, उप निदेशक नियोजन अश्वजीत पराशर, सहायक निदेशक भरत राम और नियोजन पदाधिकारी पिंकी भारती ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार विभिन्न माध्यमों से युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दे रही है।
मेले में कुल 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें साक्षात्कार के बाद 456 योग्य उम्मीदवारों का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त, 8 विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा 540 लोगों को विभागीय योजनाओं एवं मार्गदर्शन का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा 36 युवाओं को टूल किट तथा 36 को स्टडी किट वितरित किए गए। साथ ही, जिला नियोजनालय छपरा द्वारा पोर्टल पर कई युवाओं का ऑनलाइन निबंधन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार