सोनपुर मेले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर जिला प्रशासन सख्त, मिठाई से लेकर पकौड़ों तक की हो रही जांच
सारण, 24 नवंबर (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सेहत की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मेला क्षेत्र में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी एवं सारण प्रमंडल के प्रभारी नारायण राम के नेतृत्व में गठित टीम ने मेला क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और ठेलों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
टीम ने खुले में बिकने वाली जलेबी, पकौड़े और नाश्ते को धूल, धुआं व मक्खियों से बचाने के लिए ढककर रखने तथा ग्राहकों को केवल ताजा सामग्री ही परोसने का निर्देश दिया। इसके अलावा, जलेबी में फूड कलर का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा में ही करने को कहा गया है।
पर्यटकों को एक ही स्थान पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण व्यंजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा मेला परिसर में विशेष फूड कोर्ट भी विकसित किया गया है। इसमें विभिन्न ब्रांडों सहित स्थानीय स्तर पर प्रसिद्ध मिठाई विक्रेता के 15-20 स्टॉल लगाए गए हैं।
बिहार के खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर पोस्टर, बैनर और स्टैंडी के माध्यम से मिलावट के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी दुकान पर गंदगी या मिलावट की आशंका होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9835494598 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। यह निगरानी अभियान आगामी 23 दिसंबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार