जेपीयू में शोध छात्र संगठन के छात्रा इकाई ने किया दंड प्रणाम मार्च

 




सारण, 27 नवंबर (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के विभिन्न सत्रों के अंकपत्रों में गड़बड़ियों को सुधारने की मांग को लेकर शुक्रवार को शोध छात्र संगठन के छात्रा इकाई ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रा सह प्रमुख अजीमा खातून के नेतृत्व में छात्राओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक भुईं परी करते हुए दंड प्रणाम मार्च निकाला और प्रशासन से अविलंब न्याय की गुहार लगाई।

इस अवसर पर अजीमा खातून ने कहा कि विद्यार्थी आवेदन देते-देते और आंदोलन करते-करते थक चुके हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन समस्याओं के समाधान के बजाय लगातार उपेक्षा कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारों के लिए आवाज उठाने पर छात्रों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि दंड प्रणाम के माध्यम से अपनी पीड़ा प्रशासन तक पहुंचाई गई है, ताकि ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दें और छात्रों को राहत मिले।

शोध छात्र संगठन छात्रा इकाई ने बताया कि स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सत्र 2023–27, 2024–28 और 2025–29 के सेमेस्टर-1 से सेमेस्टर-5 तक के अंकपत्रों में बड़े पैमाने पर त्रुटियां सामने आई हैं, जिससे कॉलेजिएट और नॉन-कॉलेजिएट दोनों वर्गों के विद्यार्थी परेशान हैं। संगठन का आरोप है कि कई कॉलेजों में आंतरिक परीक्षा नहीं हुई और न ही अंक विश्वविद्यालय भेजे गए, फिर भी अंकपत्रों में आंतरिक अंक दर्ज कर दिए गए। साथ ही ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर दर्ज अधिकांश शिकायतें लंबित पड़ी हैं।

छात्रा इकाई ने त्रुटियों की निष्पक्ष जांच, फर्जी या बिना परीक्षा के अंक चढ़ाने के मामले में जिम्मेदारी तय करने, संशोधित अंकपत्र जारी करने, लंबित शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और दोषी कर्मियों व पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई कि जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार