मांझी प्रखंड के चेफूल पंचायत में दहा नदी का बांध टूटा, घरों में घुसा पानी
सारण, 06 सितंबर (हि.स.)। मांझी प्रखंड के चेफूल पंचायत अंतर्गत बीन टोलिया गांव के समीप दहा नदी का बांध टूटने से इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नदी का पानी लोगों के घरों में घुस गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। पैक्स अध्यक्ष संत सिंह ने जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव से तत्काल हस्तक्षेप कर आम जनता के लिए राहत और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं बीसूत्री प्रखंड अध्यक्ष जय प्रकाश महतो ने दूरभाष पर जानकारी दी कि बीन टोलिया गांव के चारों ओर सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन अवरुद्ध हो गया है। इसके अलावा ताजपुर दहा नदी के पुराने पुल पर पानी चढ़ने से यातायात बाधित है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बगल वाले पुल पर बैरिकेडिंग की जाए, ताकि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिल सके। इस मौके पर दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार