हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा दर्शकों का मन

 






सारण, 27 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में देर रात्रि तक जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक को नई ऊंचाई दी।

रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्धारित सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत नंदिनी मिश्रा ने अपने गायन से श्रोताओं को खूब बांधे रखा, जबकि सीपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

दोनों प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और कलाकारों व विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में जिला प्रशासन के दैनिक आयोजनों से स्थानीय व अन्य प्रतिभावान कलाकारों तथा स्कूली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार