तरैया में जमीनी विवाद को लेकर झड़प, जेसीबी और ट्रैक्टर आग हवाले, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल

 




सारण, 23 नवंबर (हि.स.)। तरैया थाना क्षेत्र के लौवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि खेत की जुताई करने से मना करने पर विवाद बढ़ा और एक पक्ष पर लाठी व फरसा से हमला किया गया। इस दौरान एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया गया। घटना में दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।

घायलों में शैलेन्द्र सिंह, विवेक सिंह, विक्रांत सिंह और सौरव सिंह समेत अन्य शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। थाना अध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है तथा पुलिस मामले की जांच और आरोपों का सत्यापन कर रही है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों से प्राथमिक की प्रक्रिया की जा रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार