सोनपुर मेले में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के स्टॉल पर वीआर शो देख चकित हो रहे बच्चे

 




सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में इस बार पर्यटकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक विरासत को करीब से जानने का अनूठा अवसर मिल रहा है। सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग द्वारा मेले में लगाए गए स्टॉल पर 3-D एवं वर्चुअल रियलिटी तकनीक के जरिए राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और उपलब्धियों का 360 डिग्री जीवंत अनुभव कराया जा रहा है।

इस विशेष डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से दर्शक एक ही स्थान पर बैठकर राजगीर के प्रसिद्ध ग्लास ब्रिज, घोड़ा कटोरा, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय, प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय, राजगीर हॉकी मैच और पटना स्थित बिहार संग्रहालय की आभासी सैर कर रहे हैं।यह आधुनिक पहल विशेष रूप से बच्चों और युवा पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

वीआर तकनीक के इस शो का आनंद लेने के बाद पर्यटकों ने अपने अनुभव साझा किए। करनौती, वैशाली निवासी मिठी रानी ने बताया कि वर्चुअल रियलिटी के माध्यम से उन्होंने पहाड़, पेड़ और प्रकृति के बेहद सुंदर दृश्य देखे। उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो वे सचमुच राजगीर के ग्लास ब्रिज पर बैठी हों और आसपास अन्य लोग भी मौजूद हों। यह अनुभव इतना जीवंत था कि एक पल के लिए यह बिल्कुल असली जैसा लगा।

वहीं वैशाली के ही निवासी गोविंद कुमार ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने वीआर शो में काँच के पुल और उसके किनारे स्थित विशाल व खूबसूरत पहाड़ों का अद्भुत दृश्य देखा। उन्होंने बताया कि दृश्य में कई लोग पुल पर दौड़ते, सीढ़ियों पर बैठे और पहाड़ों की सुंदरता निहारते दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें स्वयं वहां खड़े होने का अहसास हुआ।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा ने बताया कि सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग का यह प्रयास मेले में आने वाले दर्शकों को एक यादगार डिजिटल अनुभव प्रदान कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार