पीएम के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुईं विधायक छोटी कुमारी

 


सारण, 21 नवंबर (हि.स.)। विकास को नई गति देने के उद्देश्य से आयोजित लगभग 34,000 करोड़ रुपए की 227 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास एवं फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में छपरा की विधायक छोटी कुमारी शामिल हुईं। वे अपने समर्थकों व कार्यकर्ताओं के साथ वैशाली के जन्दाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी पहुंचीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में बिहार की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी गई तथा छह लेन वाले नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया गया।

छपरा विधायक छोटी कुमारी ने विज्ञप्ति के जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश व बिहार में विकास की नई दिशा तय हो रही है। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आर्थिक प्रगति को तेज करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, उन्होंने विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार