छपरा विधायक छोटी कुमारी ने छठ व्रतियों के चरण धोकर लिया आशीर्वाद

 






सारण, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, अटूट श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर छपरा विधायक छोटी कुमारी ने विभिन्न छठ घाटों का सघन भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने सोनारपट्टी घाट, सीढ़ी घाट और कठिया बाबा मंदिर के समीप पहुंचकर व्रतधारियों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। विधायक छोटी कुमारी ने अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए छठ व्रतियों के चरण धोए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी सनातन संस्कृति, पवित्रता और अटूट विश्वास का अनुपम प्रतीक है। यह महान पर्व हमें त्याग, तपस्या, कठोर अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का जीवंत उदाहरण है। कठिन तपस्या और पूर्ण निष्ठा के साथ व्रत करने वाली माताओं-बहनों की यह भक्ति हम सभी के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने छठी मईया के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि छपरा क्षेत्र के हर घर में सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता का सदैव वास हो। क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर मजबूत बना रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार