छपरा विधायक छोटी कुमारी ने मंत्री के सामने उठाई क्षेत्र से संबंधित सड़क की समस्या

 


सारण, 31 अगस्त (हि.स.)। छपरा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की खस्ताहाल स्थिति से जनता को राहत दिलाने के लिए विधायक छोटी कुमारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री से मुलाकात कर प्रभुनाथ नगर कदम्ब चौक से अतिथि विहार भवन होते हुए टाड़ी गांव के रास्ते एनएच-722 तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा।

विधायक ने मंत्री को अवगत कराया कि सड़क की जर्जर स्थिति और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में अत्यधिक कठिनाई हो रही है। जनसमस्या की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तत्काल राहत के तहत निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सड़क के सभी गड्ढों को शीघ्र भरकर आवागमन सुगम बनाया जाए। साथ ही स्थायी निर्माण के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर से वार्ता कर नए सड़क निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का आदेश दिया।

विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को तात्कालिक राहत देने के साथ-साथ सड़क का स्थायी समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। मंत्री के इस त्वरित आदेश से प्रभुनाथ नगर और टाड़ी गांव सहित आसपास के ग्रामीणों में खुशी की लहर है और उन्हें जल्द बेहतर सड़क मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार