सोनपुर में बनेगा बिहार का सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, 3,800 मीटर के 3 रनवे

 




सारण, 29 सितंबर (हि.स.)। बिहार के विमानन इंफ्रास्ट्रक्चर में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रस्तावित सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी रिपोर्ट को मंजूरी दे दी गई है। सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार भारत सरकार के उपक्रम राइट्स द्वारा तैयार इस रिपोर्ट की स्वीकृति के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

सोनपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। पूरी परियोजना की कुल अनुमानित लागत 37,000 करोड़ रुपए होगी। इसके पहले चरण को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पीपीपी मोड के तहत 6,500 करोड़ रुपए का निवेश होगा। एयरपोर्ट तक पहुंचने वाली बाहरी कनेक्टिविटी का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पारदर्शी और गति प्रदान करने के लिए एक समर्पित प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट का गठन किया गया है, जो रैयतों के हितों का भी ध्यान रखेगी।

यह एयरपोर्ट कोड ई और एफ श्रेणी के अत्याधुनिक मानकों पर विकसित होगा। यहाँ बोइंग 777, एयरबस ए 320 और विशालकाय ए-380 जैसे बड़े विमानों की लैंडिंग, टैक्सी और पार्किंग की विश्वस्तरीय सुविधा होगी। एयरपोर्ट पर 3,800 मीटर लंबाई के 3 रनवे बनाए जाएंगे, जो दोनों दिशाओं से आधुनिक कैट गाइडिंग सिस्टम से लैस होंगे। इससे खराब मौसम और कम दृश्यता के बावजूद उड़ानों का सुचारू संचालन संभव हो सकेगा।

सोनपुर एयरपोर्ट को केवल यात्री परिवहन तक सीमित न रखकर एक प्रमुख कार्गो हब और व्यापारिक केंद्र के रूप में ढाला जाएगा। रनवे के मध्य व्यावसायिक क्षेत्र और एयरोसिटी हब का विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त निजी एवं कॉरपोरेट विमानों के लिए एक अलग छोटा टर्मिनल प्रस्तावित है। हवाई यातायात के सटीक प्रबंधन के लिए यहाँ 45 से 60 मीटर ऊंचा बिहार का सबसे बड़ा और आधुनिक एटीसी टावर निर्मित होगा। सोनपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण से सारण सहित पूरे बिहार में व्यापार, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और रोजगार के अभूतपूर्व अवसर सृजित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार