छपरा में भरत मिलाप शोभायात्रा सम्पन्न
सारण, 25 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में श्रीभरत मिलाप समारोह समिति की ओर से एक शोभा यात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए रात्री तीन बजे साहेबगंज स्थित भरत मिलाप चौक पर संपन्न हुई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, छपरा विधायक छोटी कुमारी और महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने साहेबगंज भरत मिलाप चौक पर पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ किया। प्रस्थान से पूर्व अतिथियों का स्वागत हुआ।
उद्घाटन के पश्चात सभी अतिथियों काठिया बाबा मंदिर पहुँचे, जहाँ से शोभा यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। यह यात्रा सोनारपट्टी सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए समारोह स्थल पर पहुँची। इस दौरान भगवान राम और भरत का अद्भुत मिलन तथा भावुक संवाद संपन्न हुआ, जिसे देखकर सभी भावविभोर हो उठे।
यात्रा के दौरान उत्साहित युवाओं द्वारा प्रारंभिक युद्ध कौशल का शानदार प्रदर्शन किया गया। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शहर के सभी चौक-चौराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शोभा यात्रा के आगे और पीछे पुलिस पदाधिकारी तथा मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्ति थे ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक विजय सिंह, विभाग व्यवस्था प्रमुख ओम प्रकाश गुप्ता, विभाग प्रचार प्रमुख अवध किशोर मिश्र, जिला संघ चालक पुरुषोत्तम मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रमुख कार्यकर्ता एवं हजारों राम भक्त उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार