सारण में बाढ़ के पानी के साथ आई अज्ञात मछलियों के सेवन पर रोक

 


सारण, 07 सितंबर (हि.स.)। नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ सारण जिले में पहुंची अज्ञात और असामान्य मछलियों को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर चेतावनी जारी की है।

जिला मत्स्य पदाधिकारी के अनुसार ये मछलियां गंदे नालों और दूषित जल स्रोतों के संपर्क में रहने के कारण खतरनाक जीवाणुओं से संक्रमित हैं। इनके सेवन से कई लोगों के बीमार पड़ने की सूचना है।

प्रशासन ने नागरिकों के लिए मुख्य निर्देश जारी किए हैं कि जब तक स्थिति स्थिर न हो, बाढ़ के पानी की मछलियां न खाएं। इसके अलावा, बाजार में ऐसी मछलियों की खरीद-बिक्री से पूरी तरह बचें।

स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कहा गया है कि उल्टी, दस्त या पेट दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल जाएं। प्रशासन ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध मछली की सूचना तुरंत स्थानीय अधिकारियों को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार