बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति ने छठ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री व साड़ियों का किया वितरण

 




सारण, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर हरिहरक्षेत्र सोनपुर के सुप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति ने 100 से अधिक स्थानीय छठ व्रतियों के बीच सूप, नारियल, गागल नींबू, चावल, गुड़ समेत अन्य आवश्यक पूजा सामग्री और व्रती माताओं के लिए साड़ियों का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष प्रमोद मुकेश ने कहा कि छठ महापर्व शुद्धता, आस्था और सामूहिक सहयोग का प्रतीक है। वहीं सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने बताया कि समिति सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में मजबूती से खड़ी है।

सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता राकेश सिंह ने इस पहल को छठी मइया के चरणों में समर्पित एक सराहनीय जनहितैषी कदम बताया।न्यास समिति के इस सेवा भाव से मंदिर परिसर का पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। सामग्री प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं ने समिति की इस पहल की प्रशंसा की।

इस आयोजन में चंद्र भूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद, मुख्य अर्चक सुशील चंद्र शास्त्री, पवन शास्त्री, सदानंद पाण्डेय, गजेन्द्र पाण्डेय, शशि मिश्र, ब्रजेश कुमार गुड्डू, विनय बाबा और नंद बाबा समेत कई पदाधिकारी व मंदिर कर्मी सक्रिय रूप से जुटे रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार