छपरा में राष्ट्रीय लोक अदालत का जागरूकता रथ रवाना
सारण, 07 सितंबर (हि.स.)। आम जनमानस को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने हेतु आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के प्रांगण से विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए अनंत सिंह ने किया।
यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को लोक अदालत के माध्यम से मुकदमों के आपसी समझौते पर त्वरित और निःशुल्क निष्पादन की जानकारी देना है। लाउडस्पीकर और पंपलेट्स के जरिए लोगों को बताया जा रहा है कि लोक अदालत के फैसलों की कोई अपील नहीं होती, जिससे समय और धन की बचत होती है तथा दीवानी मामलों का न्याय शुल्क भी वापस मिलता है।
प्रचार वाहन के जरिए बैंक ऋण, दीवानी वाद, ट्रैफिक चालान, बिजली-पानी बिल और वन विभाग से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वाहन को रवाना करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह ने कहा लोक अदालत न्याय का वह द्वार है जहाँ कोई हारता नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की जीत होती है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों को आपसी सहमति से समाप्त कराएं।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय हम्बिर सिंह बाघेल, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सैयद मोहम्मद फ़ज़लूल बारी, द्वितीय अनुराग कुमार त्रिपाठी, विशेष उत्पाद न्यायाधीशगण, डीएलएसए सचिव राजीव कुमार, मुख्य एलएडीसीएस पूर्णेन्दु रंजन, न्यायालय कर्मी और बिहार ग्रामीण बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार