सोनपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित
सारण, 09 सितंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को सोनपुर सिविल कोर्ट परिसर में विशेष विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर की अध्यक्षता प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने की।
इस अवसर पर एसीजेएम एक अनुराग मिश्रा, एसीजेएम दो गज़ाला तंजीम, मुंसिफ नाज़िम अहमद, सोनपुर विधि मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय व रेल थाना प्रभारी तथा लॉ फाउंडेशन के निदेशक प्रवीण कुमार समेत कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव राजीव कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने सुलहनीय आपराधिक मामलों, दीवानी वादों, बैंक ऋण, पारिवारिक विवादों और बिजली बिल से जुड़े मामलों का आपसी सहमति से स्थायी समाधान कराएं।
उन्होंने बताया कि इस बार आपराधिक समझौता-योग्य मामलों के निष्पादन हेतु एक अतिरिक्त बेंच का गठन किया गया है। न्यायिक पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि लोक अदालत से समय और धन दोनों की बचत होती है और आपसी सौहार्द मजबूत होता है।
इसके फैसलों के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती, जिससे विवादों का अंतिम निपटारा संभव है। शिविर में अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत में संदर्भित करने का आह्वान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार